जौनपुर में शव लेकर जा रही एंबुलेंस और स्कॉर्पियो में भीषण टक्कर, छह घायल, चालक की हालत गंभीर
- DSS Admin
- Jun 03, 2026

जौनपुर, 03 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में खेतासराय थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए पर बुधवार को भुड़कुड़हा मोड़ के पास शव लेकर जा रही एंबुलेंस और एक स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में छह लोग घायल हो गए। इनमें एंबुलेंस चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। अंबेडकरनगर जनपद के करीमपुर गांव निवासी राकेश सिंह और उनके भाई शिवमूरत सिंह अपनी मां कौसल्या सिंह का शव पश्चिम बंगाल के वर्धमान से एंबुलेंस द्वारा लेकर घर लौट रहे थे। बुधवार को जैसे ही एंबुलेंस गुरैनी पेट्रोल पंप के समीप भुड़कुड़हा मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही स्कॉर्पियो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
बताया जाता है कि स्कॉर्पियो में पूर्व बीडीओ बेचन राम सरोज अपने चालक गिरधारी यादव के साथ अयोध्या से दवा लेकर भदोही लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एंबुलेंस चालक रंजीत बनर्जी समेत कई लोग घायल हो गए। चिकित्सकों के अनुसार चालक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।वहीं स्कॉर्पियो में लगे एयरबैग समय पर खुल जाने से उसमें सवार लोगों को अपेक्षाकृत कम चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
हादसे के कारण कुछ समय तक राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इस मामले में थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।-------------

