अयाेध्या की भांति संभल में बनकर तैयार हाेगा कल्कि धाम : चारु प्रज्ञा

संभल , 7 दिसंबर (हि.स.)। जनपद संभल के गावँ एंचौड़ा कम्बोह में स्थित कल्कि धाम में आयोजित हो श्रीकल्कि कथा में पहुंची भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह की बेटी चारु प्रज्ञा ने कहा कि देश में इतिहास को याद करते हुए अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण हुआ। अब भविष्य के बारे में सोचते हुए कल्कि धाम का आयोजन होने जा रहा है, जो भारत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यहां आना अपना सौभाग्य बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर के ध्वजारोहण के बाद पाकिस्तान के बयान पर पलटवार करते हुए चारु प्रज्ञा ने कहा कि भारत के विपक्ष और दुश्मनों द्वारा ऐसे बयान पहले भी दिए जाते रहे हैं और आगे भी दिए जाएंगे, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने जोर देकर कहा कि सनातन अमर है।

प्रज्ञा ने कहा कि इतने आक्रमणों के बाद भी देश में सनातन धर्म समाप्त नहीं हुआ। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में, जिस तरह से भारत अपने बच्चों को अपनी संस्कृति और सभ्यता से जोड़ रहा है, उससे भारत और सनातन और अधिक सशक्त होंगे।

वंदे मातरम् के विरोध पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कुछ लोग रोज नई-नई बातें करते हैं, कभी वंदे मातरम् के खिलाफ बोलते हैं, तो कभी भगवान के खिलाफ। उन्होंने ऐसे लोगों के वर्तमान स्थिति पर ध्यान देने को कहा और बताया कि इतिहास उन्हें याद नहीं रखेगा।

प्रज्ञा ने यह भी कहा कि ऐसे विरोध के बावजूद देश में कुछ भी नहीं रुका है और हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर का उदाहरण देते हुए कहा कि जो लोग तारीख पूछा करते थे, आज मंदिर दर्शन के लिए तैयार हैं। इसी तरह कल्कि धाम भी बन रहा है और यह भी बनकर तैयार हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar

   

सम्बंधित खबर