जशपुर की गलियों से कॉमनवेल्थ गेम्स तक, माटीपुत्र अनिमेष ने 100 मीटर दौड़ में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर रचा इतिहास
- DSS Admin
- May 24, 2026
अंबिकापुर, 24 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के हुनर ने एक बार फिर राष्ट्रीय खेल पटल पर अपनी कामयाबी का परचम लहराते हुए पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। जशपुर जिले के प्रतिभावान धावक अनिमेष कुजूर ने फेडरेशन कप-2026 में अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने महज 10.15 सेकंड में 100 मीटर की दौड़ पूरी कर न केवल नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया, बल्कि आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के लिए भी सीधे क्वालीफाई कर लिया है।
अनिमेष की यह ऐतिहासिक सफलता सिर्फ खेल के मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के युवाओं की मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का एक जीवंत उदाहरण बनकर उभरी है। बेहद सीमित संसाधनों और घरेलू चुनौतियों के बीच जशपुर की माटी से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर तय करने वाले अनिमेष की यह कहानी देश के लाखों युवाओं को प्रेरित करने वाली है।
इस अभूतपूर्व सफलता के बाद से ही पूरे प्रदेश में जश्न और गर्व का माहौल है। खेल प्रेमियों, युवाओं और स्थानीय संगठनों ने अनिमेष को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए खुशी जाहिर की है। इस बीच प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी अनिमेष कुजूर को इस ऐतिहासिक मुकाम पर पहुँचने के लिए विशेष रूप से बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा आज अपनी मेहनत के दम पर हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
अनिमेष ने न केवल राज्य बल्कि पूरे देश का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अनिमेष की यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी और वे आने वाले समय में वैश्विक मंचों पर देश का नाम और ऊँचा करेंगे। मंत्री ने धावक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भी उनका प्रदर्शन देश को गौरवान्वित करेगा।
---------------

