सूरजपुर : श्रमिक पंजीयन अभियान को मिली गति, हर सप्ताह लग रहे विशेष शिविर
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
सूरजपुर, 19 जून (हि.स.)।सूरजपुर जिले में श्रमिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से श्रमिक पंजीयन एवं नवीनीकरण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। श्रम विभाग द्वारा संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल की विभिन्न योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को जोड़ने के लिए जिलेभर में नियमित शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार इन योजनाओं का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी लाभ उपलब्ध कराना है, जिससे वे सम्मानजनक और सुरक्षित जीवनयापन कर सकें। योजनाओं का लाभ केवल पंजीकृत श्रमिकों को ही प्रदान किया जाता है, इसलिए पंजीयन अभियान को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार विशेष पिछड़ी जनजाति पंडो बाहुल्य क्षेत्रों में भी अभियान को विशेष रूप से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पंडो समुदाय के श्रमिकों को श्रम पंजीयन से जोड़ते हुए उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाना तथा मुख्यधारा से जोड़ना है।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों और क्षेत्रों को चिन्हित कर सभी जनपद पंचायतों में अन्य विभागों के समन्वय से प्रति सप्ताह विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविरों में श्रम पंजीयन, नवीनीकरण, विभिन्न योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन तथा आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के बीच जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इसके तहत योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र हितग्राहियों को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि कोई भी श्रमिक शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।

