कांग्रेस अपने घोटालों का जवाब दे, राम मंदिर पर राजनीति बंद करे : अनुराग ठाकुर

शिमला, 07 जुलाई (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर बना भव्य राम मंदिर 500 वर्षों के संघर्ष, करोड़ों सनातनियों की आस्था और रामभक्तों के लंबे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कांग्रेस पर राम मंदिर के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को इस विषय पर बयानबाजी करने के बजाय अपने शासनकाल के दौरान सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों का जवाब देना चाहिए।

मंगलवार को अनुराग ठाकुर ने शिमला में कहा कि राम मंदिर का सपना उस समय पूरा हुआ, जब देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी और संवैधानिक तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हुआ।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई नेताओं ने वर्षों तक भगवान श्रीराम के अस्तित्व, रामसेतु और राम जन्मभूमि से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। अब जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन चुका है और देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालु वहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, तब कांग्रेस के नेता इस मुद्दे पर राजनीतिक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल के मुख्यमंत्री के पहले दिए गए बयानों को भी प्रदेश की जनता भूली नहीं है और कांग्रेस को हिंदुओं की आस्था का सम्मान करना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को राम मंदिर पर राजनीति करने के बजाय अपने शासनकाल के दौरान सामने आए भ्रष्टाचार के मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों के समय नेशनल हेराल्ड, 2जी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ गेम्स, कोयला आवंटन, अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर और आदर्श हाउसिंग सोसाइटी जैसे मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगे, जिन पर देश आज भी जवाब चाहता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित, विकास और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करती रही है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब जनता तथ्यों और काम के आधार पर फैसला करती है और देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास तथा सांस्कृतिक गौरव की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर