नूंह: एसआईआर में अपनी जिम्मेदारी निभाएं बीएलए, कांग्रेस की बैठक में दिए निर्देश
- Vijesh Sharma
- Jul 07, 2026

नूंह, 07 जुलाई । जिला कांग्रेस कार्यालय नूंह में मंगलवार को आयोजित बैठक में सभी बीएलए को मतदाता सूचियों को गहन पुनरीक्षण के दौरान अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश जारी किए गए। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शाहिदा खान ने की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में नूंह जिले में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के मुद्दे पर भी विस्तृत चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को इस विषय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आम जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को उठाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान हाल ही में नियुक्त किए गए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों का जिला अध्यक्ष शाहिदा खान एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस नेता महताब अहमद ने कहा कि मासिक समीक्षा बैठक का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करना और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जिले में और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा एसआईआर के संबंध में भी कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि वे लोगों के बीच जाकर इस मुद्दे पर पार्टी का पक्ष प्रभावी ढंग से रख सकें। बैठक में उपस्थित नेताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने पर जोर दिया।
---------------

