दंतेवाड़ा : अरनपुर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर को मिला एनक्यूएएस प्रमाणन
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
दंतेवाड़ा/रायपुर, 1 जुलाई (हि. स.)। कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में पहचान रखने वाला दंतेवाड़ा जिले का अरनपुर आज गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है।
इसी क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र, अरनपुर को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) प्रमाणन प्रदान किया गया है।
वन मंत्री तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अरनपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान दंतेवाड़ा जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए भारत सरकार के विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता, मरीजों की संतुष्टि, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्टाफ की कार्यकुशलता और उपचार व्यवस्था सहित विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया गया। सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य केंद्र को यह प्रतिष्ठित प्रमाणन प्रदान किया गया।
एनक्यूएएस प्रमाणन के बाद स्वास्थ्य केंद्र को केंद्र सरकार से वित्तीय प्रोत्साहन भी प्राप्त होगा। इस राशि का उपयोग स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, रखरखाव तथा मरीजों को और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि, जिले में एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर नियमित मॉनिटरिंग और समीक्षा की गई। जिला नोडल अधिकारी (क्वालिटी) प्रतीक सोनी तथा जिला क्वालिटी सलाहकार अंकित सिंह के मार्गदर्शन में सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की गईं। उन्होंने बताया कि अब जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी एनक्यूएएस प्रमाणन दिलाने के लिए इसी प्रकार की तैयारियां की जा रही हैं।
यह उपलब्धि न केवल अरनपुर, बल्कि पूरे दंतेवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है और यह दर्शाती है कि दूरस्थ एवं पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सफलतापूर्वक उपलब्ध कराई जा रही हैं।
---------------

