औरैया में अजीतमल सीएचसी में डॉक्टरों ने जटिल सिजेरियन ऑपरेशन कर बचाई जच्चा बच्चा की जान
- DSS Admin
- May 08, 2026
औरैया, 08 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में शुक्रवार को चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। मूक-बधिर एवं छोटे कद की गर्भवती महिला की हाई-रिस्क डिलीवरी को सफल बनाकर डॉक्टरों ने मां और नवजात दोनों की जान बचा ली।
डॉक्टरों के अनुसार महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर थी। जांच में पता चला कि गर्भ में शिशु ने मुकोनियम पास कर दिया था तथा उसके गले में नाल के चार चक्कर फंसे हुए थे। ऐसे में मां और शिशु दोनों की जान को खतरा था और तत्काल ऑपरेशन आवश्यक हो गया। जटिल सर्जरी को सर्जन डॉ. आर.के. गुप्ता ने सफलता के साथ अंजाम दिया, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. सुरेन्द्र जौहरी ने संभाली। ऑपरेशन में सिस्टर सरलेश, अनिल गौतम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीमवर्क और सूझबूझ के चलते जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सीएचसी प्रभारी ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. सिंह एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक राय के मार्गदर्शन में यह सफलता संभव हो सकी।
क्षेत्रीय लोगों ने सीएचसी अजीतमल की पूरी मेडिकल टीम की सराहना करते हुए इसे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए गर्व की उपलब्धि बताया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

