20 बीघा में अवैध प्लाटिंग ध्वस्त, केडीए ने चलाया बुलडोजर

कानपुर, 03 जून (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बुधवार को सेन पश्चिम पारा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान सड़क और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए गए। कार्रवाई में अर्धनिर्मित निर्माण, कार्यालय, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभों के लिए किए गए अवैध विकास कार्य तथा प्लाटिंग से जुड़ी अन्य संरचनाएं ध्वस्त कर दी गईं।

केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-तृतीय में विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। ग्राम न्यौरी, सेन पश्चिम पारा स्थित चौधरी गार्डन के निकट अजय यादव, भूरा एवं अन्य द्वारा सात बीघा, जैनेन्द्र, मिथुन सिंह एवं अन्य द्वारा पांच बीघा तथा चौधरी मनी एवं अन्य द्वारा आठ बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई। केडीए टीम ने कुल 20 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही तीन अवैध प्लाटिंग साइटों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त किए। कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया।

विशेष कार्याधिकारी सत शुक्ला ने बताया कि संबंधित क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र और प्राधिकरण की अनुमति के अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी, जिसके विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जोन-तृतीय में अन्य अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग भी चिह्नित की गई हैं तथा उनके विरुद्ध भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

अभियान में अवर अभियंता अमरनाथ सिंह यादव, केडीए प्रवर्तन दल, पूर्व सैनिक बल तथा थाना सेन पश्चिम पारा पुलिस बल मौजूद रहा। केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।--------------------

   

सम्बंधित खबर