मिशन 2027 के लिए कार्यकर्ता बूथ करें मजबूत, तो जीत तय : सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम

दिबियापुर कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन विस्तार, पीडीए परिवार और गांव-गांव जनसंपर्क पर दिया जोर

औरैया, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में समाजवादी पार्टी (सपा) ने मिशन 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को दिबियापुर के गिरराज पैलेस में विधानसभा क्षेत्र 203 दिबियापुर का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सम्मेलन में सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी जीत की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का कार्य किया है और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) परिवार के माध्यम से हर समाज को सम्मानजनक भागीदारी दी गई है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि मिशन 2027 को सफल बनाने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।

जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि जब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रत्याशी घोषित न किया जाए, तब तक सभी कार्यकर्ता केवल संगठन मजबूती और बूथ प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई बूथ अध्यक्ष सक्रियता से कार्य नहीं कर रहा है तो उसकी जानकारी संगठन को दें, आवश्यकता पड़ने पर बदलाव भी किया जाएगा।

दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों, युवाओं और गरीबों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी मजबूती के साथ संगठन के कार्य में जुटने का आह्वान किया।

बिधूना विधायक रेखा वर्मा ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए संगठन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की बात कही। अन्य वक्ताओं ने भी जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र राजपूत ने किया।

सम्मेलन के दौरान विधायक प्रदीप यादव ने ब्लॉक अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों, जोनल प्रभारियों, सेक्टर प्रभारियों, सेक्टर अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, बीएलए तथा अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को पगड़ी, अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे, एटा सांसद देवेश शाक्य, महिला सभा प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणी निषाद, समर्थ पाल, पूर्व विधायक मदन गौतम, पूर्व विधायक एल.एस. गुप्ता, पूर्व राज्यमंत्री अतर सिंह नायक, बाबा रामनरेश यादव, इरशाद कुरैशी, राजवीर यादव, अधिवक्ता सुनील दुबे, रिंकू यादव, आशू यादव, ललिता राठौर, हरिशंकर दिवाकर, भारत खन्न, मोनू दिवाकर, राजेश कठेरिया, रश्मि यादव, मधु यादव, स्नेहलता दोहरे, राजनारायण बघेल, श्याम बाबू यादव, बब्लू नायक, राजू पालीवाल, केशराम पाल, रवि राजपूत, पप्पू नेता, नरेंद्र पाल, मनीष कठेरिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर