भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवन ऐप को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित

भागलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। भारतीय रेलवे यात्रियों को अधिक सरल, सुरक्षित एवं डिजिटल सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

इसी क्रम में रेलवे की विभिन्न सेवाओं को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने वाले रेलवन ऐप को जन-जन तक पहुँचाने की मुहिम शुरू की गई।

यात्रियों को स्मार्ट, सुविधाजनक एवं एकीकृत डिजिटल टिकटिंग प्रणाली से जोड़ने के उद्देश्य से मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मालदा कार्तिक सिंह के पर्यवेक्षण में भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को रेलवन ऐप जागरूकता अभियान चलाया गया।

वाणिज्य निरीक्षक भागलपुर के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर में उपस्थित यात्रियों को ‘रेलवन ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया गया तथा इसकी प्रमुख सुविधाओं, जैसे आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, पीएनआर स्थिति, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, कोच एवं प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी सहित विभिन्न डिजिटल रेलवे सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान अनेक यात्रियों ने मौके पर ही ‘रेलवन ऐप डाउनलोड किया। वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने यात्रियों से अपनी दैनिक यात्रा में ‘रेलवन ऐप का अधिकाधिक उपयोग करने की अपील की, ताकि रेलवे सेवाओं का लाभ सरल, त्वरित, सुरक्षित एवं डिजिटल माध्यम से प्राप्त किया जा सके।

उल्लेखनीय है कि मालदा मंडल यात्रियों के बीच डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने तथा रेलवे सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता अभियानों का आयोजन निरंतर करता रहेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर