जनता और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के लिए भाजपा की नई पहल

- कार्यालय में रोज होगा जनसंवाद, पदाधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित

अयोध्या, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अयोध्या महानगर इकाई ने संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं जनसरोकारों से जोड़ने के उद्देश्य से साप्ताहिक कार्यालय कार्यदिवस तालिका जारी की है। एक जून से प्रारम्भ इस व्यवस्था के तहत महानगर के विभिन्न पदाधिकारियों को सप्ताह के अलग-अलग दिनों में पार्टी कार्यालय सहादतगंज में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याएं सुनने तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी जनता तथा कार्यकर्ताओं के प्रति जवाबदेह है। साप्ताहिक कार्यदिवस व्यवस्था से कार्यालय की कार्यप्रणाली और अधिक व्यवस्थित होगी तथा लोगों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। कहा कि सभी नामित पदाधिकारी निर्धारित दिवस पर समय से उपस्थित रहकर जनता तथा कार्यकर्ताओं की शिकायतों को दूर करेंगें तथा सूचीबद्ध करके उच्च पदाधिकारियों को सूचित करेंगे।

महानगर मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने बताया सोमवार को अरविंद सिंह, स्वाती सिंह और अमित मिश्र, मंगलवार को तिलकराम मौर्य, विपिन सिंह एवं मनोज श्रीवास्तव, बुधवार को शशि प्रताप सिंह, शिवम्ह शुक्ला और चंचल कसेरा, गुरुवार को रवि शर्मा, प्रवीण दूबे तथा जय प्रकाश श्रीवास्तव, शुक्रवार को हरिभजन गौड़, रवि सिंह एवं शुभम् श्रीवास्तव तथा शनिवार को रामप्रीत वर्मा, प्रदीप कुमार यादव और ओमिश अग्रहरी कार्यालय पर मौजूद रहेंगे। रविवार को बालकृष्ण वैश्य, रीना द्विवेदी, सर्वज्ञ सिंह, गरिमा मौर्य और विनय निषाद समस्याओं को सुनेंगे। महामंत्री शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, शिवेन्द्र सिंह जनसंवाद का पर्यवेक्षण करेंगे।

बताया कि निर्धारित पदाधिकारी प्रातः 11 बजे से 2 बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। वे कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर करेंगे साथ-साथ संगठनात्मक कार्यों का भी संचालन करेंगे।

   

सम्बंधित खबर