नौतपा के बीच झमाझम बारिश, कंचे के आकार के ओले गिरे

Heavy rain during Nautapa, marble-sized hailstones fell

अजमेर, 1 जून (हि.स.)। अजमेर में सोमवार सुबह से शाम तक मौसम बार बार मिजाज बदलता रहा। सुबह जहां करीब आठ बजे तक सूर्य देव ने दर्शन नहीं दिए, आसमान में काले पानी भरे बादल छाए रहे, वहीं कुछ ही देर में मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश होने लगी। अजमेर के कई इलाकों में तो कंचे के आकार के ओले गिरे। वहीं ग्यारह बजे तक तेज धूप खिलने लगी। चार बजे बाद फिर आसमान में धूल चढ़ी नजर आई, तापमान में गिरावट लगी। हवाएं चली और कहीं कहीं बारिश होने लगी।

अजमेर के नला बाजार क्षेत्र में अचानक कंचे के आकार के ओले गिरने से बाजार में अफरातफरी मच गई। दरगाह जियारत के लिए निकले जायरीन आसमान से झमाझम बारिश के साथ मोटे मोटे ओले गिरने से सकते में आ गए। उन्हें किन्हीं दुकाने के तिरपाल के नीचे सिर छिपाने की जगह तलाशनी पड़ी। बाजार में एकाएक भागमभाग का माहौल हो गया।

कुछ ही देर में बरसात का पानी सड़कों पर बह निकला इससे आवागमन बाधित होने लगा। यूं इन दिनों गर्मियों की छुट्टियों के चलते लोग वैसे ही घरों पर नौतपा की गर्मी से परेशान हैं उन्हें मौसम में तरावट होने से राहत मिली है। परेशानी का कारण विद्युत आपूर्ति बनी हुई है। आंधी और तूफान जैसी तेज हवाओं के कारण अजमेर के आसपास के क्षेत्रों में अनेक विद्युत पोल उखड़ गए है इससे अनेक गांवों सहित शहरी इलाकों की भी बिजली प्रभावित रही। यह बात अलग है कि टाटा पावर के कर्मचारी स्थिति का दुरुस्त करने में लगातार लगे हुए है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को एक परिसंचरण तंत्र उत्तर-पूर्वी राजस्थान व एक अन्य दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर बना होने के कारण तेज मेघगर्जन आंधी (40-50 किलोमीटर प्रति घंटा) के साथ हल्की से मध्यम बारिश व कहीं-कहीं ओलावृष्टि हुई। जानकारों का कहना है कि मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश की गतिविधियां राज्य के कुछ भागों में आगामी एक सप्ताह जारी रहने की प्रबल संभावना है।

---------------

   

सम्बंधित खबर