राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अवध विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में भव्य सरोवर का किया लोकार्पण
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
अयोध्या, 27 जून (हि.स.)। प्रदेश की राज्यपाल एवं डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को विश्वविद्यालय के नवीन परिसर में नवनिर्मित भव्य सरोवर का लोकार्पण किया। उन्होंने सरोवर का अवलोकन करते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। विश्वविद्यालयों को शिक्षा एवं अनुसंधान के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पर्यावरण संवर्धन की दिशा में भी अनुकरणीय पहल करनी चाहिए। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ समाज को भी सकारात्मक संदेश देते हैं। राज्यपाल ने कहा कि आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत राज्यपाल ने परिसर में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शैक्षणिक भवनों, आधारभूत सुविधाओं, सड़कों, हरित क्षेत्रों, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा परिसर के समग्र विकास के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कुलाधिपति का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विकास योजनाओं एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरोवर का निर्माण, विश्वविद्यालय परिसर को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की व्यापक योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा, भूजल स्तर में सुधार होगा तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में हरित वातावरण विकसित करने, व्यापक वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

