स्मार्ट सिटी योजना के तहत 74 बेडेड वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण शुरू

-14.55 करोड़ की लागत से शुरू हुआ आधुनिक हॉस्टल का निर्माण

-नौकरीपेशा महिलाओं को अयोध्या में मिलेगा सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास

अयोध्या, 13 मई (हि.स.)। रामनगरी अयोध्या अब न केवल आध्यात्मिक नगरी के रूप में बल्कि महिला सशक्तिकरण और आधुनिक सुविधाओं का प्रतीक बनती जा रही है। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत नगर निगम अयोध्या द्वारा अब्बू सराय में 74 बेडेड वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस परियोजना पर कुल 14.55 करोड़ रुपये (1454.98 लाख) की लागत आएगी। नगर विकास विभाग द्वारा बनवाए जा रहे इस हॉस्टल की कार्यदाई संस्था सीएनडीएस है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और मार्गदर्शन में चल रही इस पहल से अयोध्या में महिला सुरक्षा और इंपावरमेंट को नई दिशा मिलेगी। मुख्य भवन 660 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में जी+3 मंजिला बनेगा। अभी तक लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्य भवन के प्रथम तल की छत ढलाई का कार्य पूर्ण हो गया है तथा बाउंड्रीवाल की चिनाई चल रही है। जनवरी 2027 तक पूरा कार्य पूरा होने की संभावना है।

महिलाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, परियोजना को तेजी से पूरा करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। यहां भूतल पर किचन, डायनिंग हाल, एडमिन रूम, रिसेप्शन, लॉन्ड्री रूम, 2 सिंगल और 5 डबल बेड रूम। प्रथम तल पर डे केयर रूम, योगासन रूम, 2 सिंगल और 5 डबल बेड रूम। द्वितीय तल पर 13 बेड डॉर्मेट्री रूम, 2 सिंगल और 5 डबल बेड रूम का निर्माण प्रस्तावित है। यह हॉस्टल खासतौर पर उन महिलाओं के लिए वरदान साबित होगा जो सरकारी-निजी नौकरियों, शिक्षा या व्यवसाय के सिलसिले में अयोध्या आती हैं। अयोध्या में बढ़ते पर्यटन, प्रशासनिक गतिविधियों और आर्थिक विकास के साथ महिला कार्यबल भी बढ़ रहा है। ऐसे में यह हॉस्टल उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

अन्य शहरों के लिए भी बनेगा मिसाल

अयोध्या में कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना न केवल सामाजिक संतुलन बनाए रखेगा बल्कि अन्य शहरों के लिए भी मिसाल बनेगा। हॉस्टल में सिंगल, डबल और ट्रिपल शेयरिंग रूम्स की व्यवस्था होगी। हर कमरे में अटैच्ड बाथरूम, स्टडी टेबल, अलमारी और पर्याप्त वेंटिलेशन की सुविधा रहेगी।

नई ऊंचाइयों को छू रही है अयोध्या

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए गए हैं। स्मार्ट सिटी अभियान के तहत अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों की श्रृंखला में यह हॉस्टल एक महत्वपूर्ण कड़ी है। राम मंदिर, समग्र विकास और अब महिला सुरक्षा से अयोध्या नई ऊंचाइयों को छू रही है।

   

सम्बंधित खबर