जिला अस्पताल को मिले तीन नए डाक्टर, दो विभागों ने जारी किए अलग-अलग आदेश
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
धमतरी, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला अस्पताल में डाक्टरों की कमी के बीच राहत की खबर है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ ने अलग-अलग आदेश जारी कर जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में डाक्टरों की पदस्थापना की है। दोनों आदेशों के तहत जिला अस्पताल धमतरी को कुल तीन नए डाक्टर मिले हैं, वहीं नगरी और कुरुद के सिविल अस्पतालों में भी एक-एक चिकित्सा अधिकारी की नियुक्ति की गई है।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 24 जून को जारी आदेश के अनुसार एमबीबीएस पाठ्यक्रम उत्तीर्ण अनुबंधित चिकित्सकों को दो वर्ष की संविदा सेवा के लिए विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है। इसके तहत डा. मानसी गोलछा एवं डा. विक्षा सिंह की नियुक्ति जिला अस्पताल धमतरी में की गई है।
वहीं एनएचएम द्वारा चिकित्सा अधिकारी (संविदा) के पद पर 17 जून को जारी आदेश के तहत जिला अस्पताल धमतरी एफआरयू में डा. ज्योति साहू की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा सिविल अस्पताल नगरी एफआरयू में डा. जाग्रति चांडक तथा सिविल अस्पताल कुरुद एफआरयू में डा. अंकित चंद्राकर को पदस्थ किया गया है। जिला अस्पताल को दोनों आदेशों के माध्यम से कुल तीन नए डाक्टर मिलने से ओपीडी, आपातकालीन और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है। वहीं नगरी और कुरुद के सिविल अस्पतालों में भी नए चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति से वहां की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। जिला अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, आदेश जारी होने के बावजूद अब तक नवनियुक्त डाक्टरों ने अपनी ज्वाइनिंग नहीं दी है।

