अयोध्या को जल्द मिलेगा 48 कमरों वाला आधुनिक यात्री निवास
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
-धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा यात्री निवास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से अयोध्या में 20.59 करोड़ रुपये से विकसित हो रहा आधुनिक यात्री निवास
-रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी विश्वस्तरीय सुविधा
अयोध्या, 28 जून (हि.स.)। रामनगरी अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अत्याधुनिक यात्री निवास/मेला भवन का निर्माण तेज गति से चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत वशिष्ठकुंड वार्ड के टेढ़ीबाजार क्षेत्र में वीआईपी रोड पर नजूल की भूमि पर 20.59 करोड़ रुपये की लागत से यह भव्य परिसर विकसित किया जा रहा है। नगर विकास विभाग की इस योजना को कार्यदाई संस्था अयोध्या विकास प्राधिकरण मूर्त रूप दे रहा है।
वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति 58 प्रतिशत हो चुकी है। स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि ब्रिक वर्क, एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) और प्लास्टर का कार्य तेजी से प्रगति पर है। यह यात्री निवास 48 कमरों वाला होगा जिसमें स्टैंडर्ड, डीलक्स और एक्जीक्यूटिव स्वीट्स शामिल होंगे। इसके अलावा डॉर्मिटरी, रेस्टोरेंट, कंट्रोल कमांड रूम भी बनाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लैंडस्केपिंग, आकर्षक फसाद और आधुनिक इंटीरियर कार्य भी किए जा रहे हैं। मेला भवन का हिस्सा भी इसी परिसर में विकसित हो रहा है, जो बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
कंट्रोल कमांड रूम से पूरे परिसर की निगरानी
यह परियोजना स्मार्ट सिटी योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां आने वाले लाखों श्रद्धालु और पर्यटक अब आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। कंट्रोल कमांड रूम से पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी, जो सुरक्षा की दृष्टि से बेहद उपयोगी होगा। रेस्टोरेंट में स्थानीय और शुद्ध सात्विक भोजन की व्यवस्था रहेगी।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप अयोध्या को न केवल आध्यात्मिक, बल्कि आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। राम मंदिर के दर्शन के बाद श्रद्धालु अब आरामदायक और सुविधाजनक आवास पा सकेंगे। यह यात्री निवास धार्मिक पर्यटन को नया आयाम देगा और अयोध्या को वैश्विक स्तर पर एक बेहतर पर्यटन गंतव्य बनाने में मदद करेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता : नगर आयुक्त
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। यह परियोजना पूरी होने के बाद अयोध्या में ठहरने की सुविधाओं की कमी को काफी हद तक दूर कर देगी। स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे अन्य विकास कार्यों के साथ यह भी अयोध्या की छवि को और निखारेगा। परियोजना स्थल पर सिविल कार्यों के साथ-साथ बिजली, प्लंबिंग और स्मार्ट सुविधाओं का कार्य भी समानांतर रूप से चल रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, हनुमान गढ़ी, कनक भवन आदि स्थलों के साथ अब यह आधुनिक यात्री निवास भी श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा।

