तात्या टोपे नगर में 12.31 करोड़ से बनेगा अत्याधुनिक पार्क : सुरेंद्र मैथानी

कानपुर, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के तात्या टोपे नगर में हाईवे किनारे खाली पड़ी भूमि पर 12 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक पार्क का निर्माण कराया जाएगा। इस पार्क से एक लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।

यह बातें सोमवार को गोविंद नगर भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कही। गोविंद नगर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित पार्क के निर्माण के लिए कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने टेंडर जारी कर दिया है। लंबे समय से खाली पड़े इस भूखंड को विकसित कर बड़े सार्वजनिक पार्क के रूप में तैयार किया जाएगा। क्षेत्रीय लोगों की ओर से इस स्थान पर पार्क निर्माण की मांग पिछले दो दशकों से अधिक समय से उठाई जा रही थी।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि तात्या टोपे नगर, मायापुरम, रविदासपुरम, रतनलाल नगर, गुजैनी, बर्रा, दबौली, गोविंद नगर और आसपास के इलाकों के निवासियों को बड़े पार्क की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि परियोजना को आगे बढ़ाने में सांसद रमेश अवस्थी का भी सहयोग मिला, जिसके बाद प्रक्रिया में तेजी आई और टेंडर जारी हो सका। उन्होंने बताया कि पार्क में वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, हरित पट्टी, बैठने की व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। महिलाओं के लिए योग और भ्रमण की बेहतर व्यवस्था के साथ बुजुर्गों को भी स्वास्थ्यवर्धक वातावरण उपलब्ध होगा।

पूर्व में भी इस स्थल के विकास के लिए धनराशि स्वीकृत हुई थी, लेकिन परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब टेंडर जारी होने के बाद पार्क निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति की उम्मीद जताई जा रही है। विधायक मैथानी ने कहा कि पार्क का निर्माण पूरा होने के बाद यह क्षेत्र की प्रमुख पहचान बनेगा। साथ ही हरित क्षेत्र बढ़ने से पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

   

सम्बंधित खबर