लक्ष्मीबाई मूर्ति मामले में आम आदमी पार्टी संप्रदायिकता जहर घोल रही है - वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) पर संप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता संजय सिंह ने रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति स्थानांतरण मामले में झूठ बोला है।

सांसद संजय सिंह की ओर से लगाए गए आरोपों पर जवाब देते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी सत्तालोलुप और सांप्रदायिकता की राजनीति करते हुए ‘देश की गरिमा’ तक को धूमिल कर रही है, यही इनका वास्तविक चरित्र है। दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में वीरेन्द्र सचदेवा ने आगे कहा कि संजय सिंह ने रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति स्थानांतरण पर झूठ बोला है। मूर्ति को हटवाने का प्रस्ताव दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग एवं दिल्ली नगर निगम का है, जिस पर आआपा काबिज है। आम आदमी पार्टी रानी झाँसी रोड़ प्रोजेक्ट का विरोध करने वाली एक साम्प्रदायिक संस्था के ऐजेंडे पर काम कर रही है। वह एक वीरांगना के नाम पर साम्प्रदायिकता का जहर घोल रही है। इस संस्था को दिल्ली हाई कोर्ट की फटकार भी लग चुकी है। यह आआपा की निकृष्ट मानसिकता को दिखाता है।

भाजपा का कहना है कि लोकसभा चुनाव में दिल्ली की जनता द्वारा बुरी तरह नाकारी जा चुकी आम आदमी पार्टी अब विधानसभा चुनाव से पहले अल्पसंख्यक बहुल सीटों को जीतने के लिए प्रदेश का साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।

उल्लेखनीय है कि रानी झांसी रोड़ पर स्थित शाही ईदगाह पार्क में झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की बड़ी मूर्ति लगाने का प्रस्ताव है। इसके खिलाफ वक्फ के लोग दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटा चुके हैं लेकिन उन्हें वहां से फटकार मिली।न्यायाधीश ने कहा कि स्वतंत्रता की वीरांगना किसी धर्म या सम्प्रदाय की नहीं बल्कि देश की होती हैं। इसके बावजूद आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया था कि वह रानी लक्ष्मीबाई की मूर्ति का स्थानांतरण की राजनीति कर रही है ।

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

   

सम्बंधित खबर