मेदिनीपुर : तृणमूल की करारी हार के लिए कल्याण तिवारी ने अभिषेक बनर्जी को ठहराया जिम्मेदार

पश्चिम मेदिनीपुर, 08 मई (हि. स.)। विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है। इसी कड़ी में पश्चिम मेदिनीपुर जिलान्तर्गत रामजीवनपुर नगरपालिका के चेयरमैन कल्याण तिवारी ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए है। चेयरमैन ने आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी की इस दुर्दशा के लिए मुख्य रूप से अभिषेक बनर्जी जिम्मेदार है।

उन्होंने ‘भतीजा संस्कृति’ को भी हार का बड़ा कारण बताया।

उनका दावा है कि 2021 चुनाव के बाद से ही इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आईपैक) के दबाव में पार्टी के जनप्रतिनिधियों पर मानसिक दबाव बनाया जाता था। देर रात फोन कर काम का दबाव डालना और पद से हटाने की धमकी देना आम बात थी।

तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी छोड़ना आसान नहीं था, क्योंकि पुलिस के जरिए डराने की कोशिश की जाती थी।

उन्होंने एक और चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी से मिलने के लिए एक विधायक को अपने पेन और बेल्ट बाहर रखकर अंदर जाना पड़ता था।

उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों के लिए चेयरमैनों को पैसे भेजने के निर्देश दिए जाते थे, लेकिन पैसों के स्रोत को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती थी।

कल्याण तिवारी ने अपने बयान में शुभेंदु अधिकारी की तारीफ भी की और अभिषेक बनर्जी को सड़क पर उतरकर राजनीति करने की चुनौती दी। इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और तृणमूल कांग्रेस के अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आ रहे है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

   

सम्बंधित खबर