अभिषेक बनर्जी ने फिर शुरू किया ‘एक डाके अभिषेक’, कार्यकर्ताओं को मिलेगी कानूनी मदद

कोलकाता, 30 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद विभिन्न क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं पर हमले तथा राजनीतिक मामलों में बढ़ती परेशानियों के बीच तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने एक बार फिर ‘एक डाके अभिषेक’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। इसकी जानकारी उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।

इस पहल का उद्देश्य उन तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों को सहायता पहुंचाना है, जो चुनाव बाद हिंसा, घर छोड़ने की मजबूरी, उत्पीड़न या राजनीतिक कारणों से दर्ज मामलों का सामना कर रहे हैं। अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि ऐसे लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘दीदी के बोलो’ कार्यक्रम शुरू किया था। इसी के समानांतर तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभिषेक बनर्जी ने ‘एक डाके अभिषेक’ कार्यक्रम शुरू किया था। शुरुआत में यह सेवा केवल डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र तक सीमित थी, लेकिन बाद में इसे पूरे राज्य के लिए लागू किया गया।

पार्टी का दावा है कि इस हेल्पलाइन के जरिए कई कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ था। हालांकि सत्ता जाने के बाद इस अभियान को लेकर सवाल भी उठे थे।

हाल के दिनों में प्रवर्तन निदेशालय, अपराध जांच विभाग और अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई के कारण अभिषेक बनर्जी लगातार दबाव में रहे हैं। इसके अलावा चुनाव के बाद कई तृणमूल कार्यकर्ताओं के हिंसा का शिकार होने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में अभिषेक बनर्जी ने कहा कि घर छोड़ने को मजबूर, प्रताड़ित और राजनीतिक उद्देश्य से झूठे मामलों में फंसाए गए कार्यकर्ता किसी भी कानूनी सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।

यह हेल्पलाइन सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक सक्रिय रहेगी। इसके लिए संपर्क नंबर जारी किया गया है — 7887778877।

---------------

   

सम्बंधित खबर