संबंधों में समरसता सु:खी जीवन और सशक्त समाज का आधार: बीके शिवानी

मंडी, 04 जून (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, मंडी शाखा द्वारा मंडी के पड्डल मैदान में संबंधों में समरसता को लेकर एक विशाल आध्यात्मिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ की अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक प्रेरक एवं वक्ता सिस्टर शिवानी ने विशेष रूप से उपस्थित होकर अपने प्रेरणादायक विचारों से सभी को लाभान्वित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संबंधों में प्रेम, सम्मान और संवेदनशीलता सुखी एवं सफल जीवन और सशक्त समाज का आधार है। कार्यक्रम में मंडी और आसपास के क्षेत्रों से हजारों लोगों ने भाग लिया।

इस आध्यात्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु सिंह, सरदार पटेल विश्वविद्यालय के कुलपति डी. ललित कुमार अवस्थी तथा ब्रह्माकुमारीज़ मंडी की प्रभारी बीके शीला दीदी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रोताओं को संबोधित करते हुए सिस्टर शिवानी ने कहा कि संबंधों में समरसता स्थापित करने के लिए हमें अपने वास्तविक स्वरूप आत्मा के मूल गुणों में स्थित होकर प्रत्येक कर्म और जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि क्रोध, आवेश और नकारात्मक प्रतिक्रियाओं से मुक्त होकर हम अपने संबंधों को मधुर एवं जीवन को सरल बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा सिखाया जा रहा राजयोग मेडिटेशन आत्मिक सशक्तिकरण एवं मानसिक शांति का प्रभावी माध्यम है।

सिस्टर शिवानी ने सभी को संकल्प दिलाया कि वे क्रोध और आवेश में आकर किसी के साथ अनुचित व्यवहार नहीं करेंगे तथा प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना को अपने जीवन में अपनाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सिस्टर शिवानी ने सभी उपस्थित जनसमूह को राजयोग मेडिटेशन का गहन अनुभव करवाया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक शांति एवं आनंद से भर गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर