स्कूल भर्ती घोटाले पर एबीवीपी का प्रदर्शन, पुलिस ने रोका
- Admin Admin
- Apr 04, 2025

कोलकाता, 04 अप्रैल (हि. स.)। स्कूल सेवा आयोग भर्ती घोटाले के विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं द्वारा कोलकाता के साल्टलेक स्थित करुणामयी से विकास भवन तक निकाले जा रहे विरोध रैली को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। इससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई।
यह प्रदर्शन 2016 की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में किया गया था।
उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को कलकत्ता उच्च न्यायालय के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें लगभग 26 हजार शिक्षण व गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्तियों को रद्द कर दिया गया था।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी समर्थक सड़क पर बैठ गए और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करने लगे। उनका आरोप था कि स्कूलों में नौकरी के बदले घूस लेकर योग्य उम्मीदवारों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है।
पुलिस ने जबरन प्रदर्शनकारियों को हटाया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की निगरानी से बचने के लिए रास्ता बदलने की कोशिश भी की, लेकिन विकास भवन की ओर जाने वाले सभी रास्तों को पहले ही बैरिकेड लगाकर सील कर दिया गया था।
इस दौरान कई भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए और पुलिस से तीखी बहस करते देखे गए।
प्रदर्शन में शामिल एक एबीवीपी नेता ने कहा कि यह चोरों की सरकार है। इन्होंने नौकरियों को बेचकर हजारों योग्य उम्मीदवारों का भविष्य बर्बाद कर दिया। अब परिवर्तन चाहिए।
भाजपा समर्थकों ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार ने शिक्षक और ग्रुप 'सी' व 'डी' कर्मचारियों की भर्ती में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया, जिससे हजारों युवाओं का जीवन अधर में लटक गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर