जादवपुर विश्वविद्यालय में हंगामा, एबीवीपी ने फेंका वामपंथियों का लाल झंडा व लगाया अपना ध्वज

कोलकाता, 03 मार्च (हि. स.)। जादवपुर विश्वविद्यालय एक बार फिर हंगामे का गवाह बना। सोमवार शाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्य विश्वविद्यालय परिसर में घुस गए। इस दौरान उन्होंने गेट पर लगे वामपंथी संगठनों के लाल झंडे को नीचे फेंक दिया और उसकी जगह एबीवीपी का झंडा लगा दिया। अचानक हुई इस घटना से विश्वविद्यालय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त नजर आई। हालात काबू में लाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) को बुलाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को जादवपुर विश्वविद्यालय का 4 नंबर गेट इलाका पूरी तरह से रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दरअसल, जादवपुर कांड को लेकर वामपंथी छात्र संगठनों ने पहले ही दिन में थाना घेराव का ऐलान किया था। इसके जवाब में भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से गोलपार्क से रैली निकाली गई।

शाम होते-होते दोनों गुट विश्वविद्यालय के गेट पर आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से जमकर नारेबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान एबीवीपी के कुछ सदस्य विश्वविद्यालय के भीतर घुसने की कोशिश करने लगे। माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई।

हालात बिगड़ते देख विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों ने गेट बंद कर स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन वे नाकाम साबित हुए। तभी एक भाजपा समर्थक विश्वविद्यालय के गेट पर चढ़ गया, वामपंथी झंडे को हटाकर एबीवीपी का झंडा लगा दिया। इस दौरान दीवारों पर लगे पोस्टर भी फाड़ दिए गए।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मिलकर माहौल को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

   

सम्बंधित खबर