रोडवेज की चलती बस बीच चौराहे पर बनी आग का गोला

आज को बुझाते हुए पुलिस एवं फायर कर्मीजलती हुई रोडवेज बस

अमेठी, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर बाजार में बीच सड़क पर अचानक रोडवेज की चलती बस आग का गोला गयी। इस बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बाहर सुरक्षित निकाल लिया गया। कोई भी यात्री हताहत नहीं है। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह सुलतानपुर डिपो की प्राइवेट अनुबंधित बस 40 यात्रियों को लेकर सुलतानपुर से प्रयागराज जा रही थी। बस अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गापुर चौराहे पर पहुंची थी। तभी अज्ञात कारणों से अचानक बस में आग लग गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों एवं स्थानीय लोगों की मदद से सभी 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बस पूरी तरह से आग का गोला बन गई और धू धूकर जल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय पुलिस ने मिलकर दोनों तरफ से आवागमन रोक दिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में कामयाबी मिली। जब तक बस की आग पूरी तरह से बुझी तब तक बस जलकर खाक हो गई थी।

इस घटना के संबंध में अमेठी के पुलिस क्षेत्राधिकार मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि इंजन में शार्ट सर्किट होने के कारण आग लग गई। बस में 40 यात्री सवार थे जिन्हें पीपरपुर पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा सुरक्षित निकालकर आग को बुझा दिया गया है। यातायात सुचारू रूप से बहाल करा दिया गया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर