जबलपुर, 21 मई (हि.स.)। खमरिया गुरुद्वारे के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार गोकलपुर निवासी शेरोन स्वर्णिल चौधरी पुत्र उदयराम चौधरी, बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खमरिया गुरुद्वारे के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि शेरोन की हाल ही में दुबई में नौकरी लगी थी। वह दो दिन पहले ही दिल्ली से वीजा संबंधी प्रक्रिया पूरी कर वापस लौटे थे। परिवार में उनकी नौकरी को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध मिनी ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खमरिया थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------

