सुलतानपुर में पांच गौ वध तस्कर गिरफ्तार ,भेजे गए जेल

सुलतानपुर, 12 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के जयसिंहपुर थाना पुलिस ने 24 मृत मिले मवेशी मामले में मंगलवार काे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नीचे सराय नौरंग अंडरपास के पास से पांच आराेपिताें काे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से सभी आराेपिताें काे जेल भेज दिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर पुलिस टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। आरोपिताें के खिलाफ धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम और 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपिताें की पहचान चांदबाबू (25 ) पुत्र अब्दुल्ला निवासी मूंगर, थाना गोसाईगंज, मुजस्सम (25 ) पुत्र मो. नूरुल निवासी तियरी, थाना गोसाईगंज, मो. नूरुल (46) पुत्र मो. इस्माइल निवासी तियरी, थाना गोसाईगंज,

वकील (52 ) पुत्र अती मुल्ला निवासी हसनपुर, थाना बंधुआकला और असगर अली (49) पुत्र सकरुल्ला निवासी हसनपुर, थाना बंधुआकला, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 25 रस्सियां और एक आधार कार्ड बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में से वकील पुत्र अती मुल्ला का आपराधिक इतिहास है, जिसमें कोतवाली नगर थाने में गोवध निवारण अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। इसी प्रकार मुजस्सम पुत्र मो. नूरुल के खिलाफ गोसाईंगंज थाने में आयुध अधिनियम और उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी अधिनियम के तहत चार मामले दर्ज हैं, जिनमें गोवध निवारण अधिनियम का एक मामला भी शामिल है।

ज्ञातव्य हो कि जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को टांडा-बांदा हाईवे किनारे दर्जन भर मवेशी मृत और घायल मवेशी पाए गए। सेमरी चौकी क्षेत्र के माधवपुर देवरी गांव के पास हाईवे से सटे खेतों में लगभग 300 मीटर के दायरे में मवेशियाें के शव बिखरे पड़े थे। सूचना मिलते ही ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। टीम द्वारा की गई गणना में कुल 27 मवेशी मिले, जिनमें 20 गाय और चार बैल मृत पाए गए। तीन गायें गंभीर रूप से घायल अवस्था में थीं। पशु चिकित्सकों की टीम ने तत्काल घायल मवेशियों का उपचार शुरू किया।

उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी प्रमोद मिश्रा सहित कई अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराया है, ताकि उनकी मौत के कारणों का पता चल सके।

------

   

सम्बंधित खबर