
परिजनों ने लगाया पुलिस की गाड़ी से दुर्घटना का आरोप
हिसार, 9 मई (हि.स.)। यहां के जिंदल पुल के पास हुए हादसे में दो युवकों की
मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक व घायल युवक हांसी के चारकुतुब गेट
क्षेत्र के हैं जो मूवी देखकर हांसी वापिस लौट रहे थे और जिंदल पुल के पास दुर्घटना
का शिकार हो गए।
मृतकों की पहचान लगभग 30 वर्षीय सुमित व 45 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में
हुई है। घायल लगभग 26 वर्षीय सुनील कुमार का अग्रोहा मेडिकल में इलाज चल रहा है। बताया
जा रहा है कि तीनों मोटरसाइकिल पर हिसार मूवी देखने गए थे कि वावपस लौटते समय यह हादसा
हो गया। मृतकों के शवों का शुक्रवार को पोस्टमार्टम करके उनके परिजनों को सौंप दिया
गया।
परिजनों का आरोप है कि हादसा पुलिस की गाड़ी से हुई है। पुलिस कर्मियों ने
खुद फोन कर परिजनों को इस घटना की जानकारी दी। हालांकि, अभी तक दुर्घटना के सही समय
और कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों को दोपहर में इस घटना की सूचना मिली। मृतक
सुमित तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता टेलर का काम करते हैं। दुर्घटना के समय
सुमित के माता-पिता जयपुर में एक धार्मिक कार्यक्रम में गए हुए थे वहीं दूसरे मृतक
मुकेश कुमार अपने परिवार का इकलौता सदस्य था। उसके माता-पिता की कुछ वर्ष पहले मृत्यु
हो चुकी थी और वह अविवाहित था।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर