किशनगंज, 23 मई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र की एक महिला के साथ दुष्कर्म मामले में दर्ज प्राथमिकी के आरोपी को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी साहिल पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया है।
शनिवार को महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता द्वारा गुरुवार को महिला थाना में आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2016 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसका पति रोजगार के सिलसिले में दूसरे प्रदेश चला गया।
इसी दौरान रिश्तेदार होने के कारण आरोपी का महिला के घर आना-जाना शुरू हुआ। आरोप है कि आरोपी महिला को झांसे में लेकर मुंबई ले गया, जहां उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण किया गया। कुछ समय बाद आरोपी
महिला को वापस किशनगंज ले आया। इस बीच महिला का पति भी बाहर से लौटकर किशनगंज पहुंचा, जिसके बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आई।इसके बाद पीड़िता न्याय की गुहार लेकर महिला थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

