बेबी डू डाई डू में दिखेगी हिंदी सिनेमा की अनोखी फीमेल हिटवुमन: अभिनेत्री हुमा कुरैशी
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
जयपुर, 22 जून (हि.स.)। अभिनेत्री हुमा कुरैशी की आगामी फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ अपने अनोखे कथानक और दमदार किरदार को लेकर चर्चा में है। जयपुर में सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान हुमा ने बताया कि फिल्म में वह ‘बेबी करमारकर’ नामक एक मूक-बधिर लेकिन बेहद खतरनाक और रहस्यमयी कॉन्ट्रैक्ट किलर की भूमिका निभा रही हैं, जैसा किरदार भारतीय सिनेमा में पहले शायद ही देखने को मिला हो।
अभिनेत्री हुमा ने कहा कि वह इस फिल्म से अभिनेत्री के साथ-साथ निर्माता के रूप में भी जुड़ी हैं। उनका प्रयास रहा कि फिल्म केवल पारंपरिक कहानी का महिला संस्करण बनकर न रह जाए, बल्कि एक नया और विश्वसनीय किरदार दर्शकों के सामने आए। उन्होंने बताया कि मुंबई की अपराध जगत की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक्शन, सस्पेंस और डार्क ह्यूमर का अनूठा मिश्रण है।
फिल्म की खास बात बेबी का प्रतीकात्मक लाल छाता है, जिसके भीतर बंदूक छिपी होती है। यही उसकी पहचान और सबसे घातक हथियार है। हुमा के अनुसार, बेबी जितनी खतरनाक है, उतनी ही मानवीय भी, और यही विरोधाभास उसके किरदार को खास बनाता है।
निर्देशक नचिकेत सामंत के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण सलीम सिब्लिंग्स और पुणे 04 के सहयोग से किया गया है। फिल्म में सिकंदर खेर, चंकी पांडे, रचित सिंह, मरुधा शेखावत, विद्या मालवदे, अरुण कुशवाह और हिमांशु मलिक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस दौरान जयपुर के वर्ल्ड ट्रेड पार्क में फिल्म के विशाल कटआउट का अनावरण भी किया गया, जहां बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि और फिल्म प्रेमी मौजूद रहे।
---------------

