आगामी खरीफ सत्र के लिए देश में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धताः सरकार
- DSS Admin
- May 25, 2026
नई दिल्ली, 25 मई (हि.स)। केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि आगामी खरीफ सत्र के लिए देश में उर्वरकों की उपलब्धता के साथ इनकी मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है। सरकार ने कहा कि खरीफ सत्र के लिए कुल आवश्यकता 390.54 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) आंकी गई है, जिसके मुकाबले में 200.12 एलएमटी का स्टॉक उपलब्ध है।
उर्वरक विभाग की अतिरिक्त सचिव अपर्णा एस. शर्मा ने नई दिल्ली में अंतर-मंत्रालयी संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि पश्चिम एशिया संकट के बाद उर्वरकों का घरेलू उत्पादन अच्छा रहा है, और इनकी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आयात भी किया जा रहा है।
अतिरिक्त सचिव, अपर्णा एस. शर्मा ने कहा कि इस साल के लिए 390.54 लाख मीट्रिक टन (एलएमटी) के अनुमान के मुकाबले देश में उर्वरकों की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि मौजूदा स्टॉक 200.12 लाख मीट्रिक टन है, जो 51 फीसदी से अधिक है और सामान्य स्तर 33 फीसदी से काफी अधिक है।
अपर्णा एस. शर्मा ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद घरेलू उत्पादन और उर्वरक आयात काफी ज्यादा रहा है। उन्होंने कहा कि कुल घरेलू उत्पादन लगभग 95 लाख मीट्रिक टन रहा है, और करीब 22.60 लाख मीट्रिक टन आयात हमारे देश में पहुंचा है। इस तरह कुल मिलाकर समग्र उपलब्धता में 117.6 लाख मीट्रिक टन उर्वरक जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि देश ने 13.5 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 9 लाख मीट्रिक टन एनपीके कॉम्प्लेक्स भी हासिल किए हैं, जो खरीफ मौसम के चरम समय के दौरान पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।
---------------

