इंफाल, 18 मई, (हि.स.)। मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स रिवॉल्यूशनरी पार्टी आफ कांगलेइपाक के एक कैडर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आज आधिकारिक जानकारी दी कि गिरफ्तार उग्रवादी की पहचान लैश्रम जीवन सिंह (38) के रूप में हुई है, जो लांगमीडोंग का निवासी बताया गया है। सुरक्षा बलों ने उसे 17 मई को इंफाल पूर्व जिले के हेंगांग थाना क्षेत्र अंतर्गत खाबाम लामखाई माखा लैकाई इलाके से अभियान चलाकर गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति प्रीपाक संगठन का सक्रिय कैडर था और क्षेत्र में गतिविधियों में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।
राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार तलाशी एवं अभियान चलाए जा रहे हैं।
------------

