पहलगाम घटना पर चीन और ईरान को छोड़कर पूरा विश्व भारत के साथ: रीता बहुगुणा जोशी

रीता बहुगुणा जोशी मच पर

जौनपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा की पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने सोमवार को पहलगाम में हुई आतंकी घटना की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा है कि इस घटना के बाद चीन और ईरान को छोड़कर पूरा विश्व भारत के साथ है। भारत सरकार इसका मुहंतोड़ जवाब देगी।

पूर्व सांसद मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज में 'एक देश एक चुनाव' कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सबसे ज्यादा जरूरी होती है स्थायी सरकार। राष्ट्र की प्रगति के लिए 'एक देश एक चुनाव' जरूरी है, क्योकि जनता का धन जनता के ही कार्यों में व्यय होना चाहिए। इसलिए 'एक देश एक चुनाव' का सुझाव सबसे उपयुक्त है। विपक्ष गलत प्रचार कर रहा है क्योंकि विपक्ष को क्षेत्र ,भाषा, जाति और कभी अपने व्यक्तिगत छवि को लेकर चुनाव करना होता है। अगर एक देश एक चुनाव व्यवस्था पर वही पार्टियां ज्यादा सक्रिय होंगी जो राष्ट्र चिंतन के बारे में सोचेंगी। इस व्यवस्था से बाहुबल खत्म होगा,धन बल खत्म होगा और निष्पक्ष चुनाव होगा।

पूर्व सांसद ने जम्मू एवं कश्मीर के पहलगाम में बीते दिनों हुई आतंकी घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह दुखद घटना है। यह मानवता पर प्रहार है। यह सिर्फ कश्मीरियत या कश्मीर की लड़ाई नहीं,यह इंसान के दिलों को दहलाने वाली बात है। सरकार बहुत ही कड़े कदम उठाएगी। इन आतंकवादियों के खिलाफ ही नहीं बल्कि इनके आकाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी ।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

   

सम्बंधित खबर