केशव नगर में अग्निशमन विभाग का जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को बताए आग से बचाव के उपाय

सुपौल, 06 जून (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा उत्तर पंचायत के केशव नगर में अग्निशमन विभाग द्वारा आग से बचाव और सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को अग्निकांड की घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना और आपात स्थिति में सही कदम उठाने की जानकारी देना था।

अभियान के दौरान सुपौल से पहुंचे अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों ने ग्रामीणों को आग लगने के विभिन्न कारणों तथा उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने गैस सिलेंडर में आग लगने, बिजली के शॉर्ट सर्किट और चूल्हे से उत्पन्न होने वाली आग जैसी घटनाओं के बारे में बताया तथा ऐसी परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के तरीके समझाए।

कार्यक्रम में विभाग की टीम ने लाइव डेमो के माध्यम से आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया। अधिकारियों ने बताया कि थोड़ी सी सतर्कता और समय पर उठाए गए कदम बड़ी दुर्घटनाओं को टाल सकते हैं। साथ ही लोगों से घरों में सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी अग्निकांड की स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने की अपील की गई।

इस अवसर पर अग्निशमन विभाग की प्रधान कर्मचारी सीमा कुमारी, चालक रामनरेश कुमार, सुजीत कुमार एवं अग्निशमन कर्मी रजनीश कुमार ने ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय संयम रखते हुए सही तरीके से बचाव कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में इंदल मंडल, प्रमोद शर्मा, पांचो मंडल, ललित शाह, देवेंद्र मंडल, पुनीता देवी, शांति देवी, रीता रानी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।

   

सम्बंधित खबर