चोरी के शक में युवती से बलपूर्वक पूछताछ का मामला, आरोपित हिरासत में
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
देवरिया, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के थाना तरकुलवा क्षेत्र के ग्राम चकजगबंधन उर्फ मिश्रौली में एक युवती से चोरी के संदेह में बलपूर्वक पूछताछ किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना पुलिस को डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने साेमवार काे बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक दुकान में चोरी की घटना को लेकर दुकानदार ने एक युवती से जबरन पूछताछ की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
सीओ सिटी ने बताया कि पीड़िता की ओर से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है। यदि किसी पर किसी अपराध का संदेह हो तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए, न कि स्वयं कार्रवाई की जानी चाहिए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
-----------

