अहमदाबाद विमान दुर्घटना: अब तक 163 मृतकों के डीएनए सैंपल का मिलान, 124 शव परिजनों को सौंपे गए
- Admin Admin
- Jun 17, 2025

अहमदाबाद, 17 जून (हि.स.)। अहमदाबाद विमान दुर्घटना में अब तक 163 मृतकों के डीएनए सैंपल का मिलान किया जा चुका है। इनमें से कुल 124 पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिए गए हैं। यह जानकारी मंगलवार शाम सिविल अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. राकेश जोशी ने दी।
डॉ. जोशी ने बताया कि उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय अस्पताल में भर्ती किए गए कुल 71 मरीजों में से 2 की मृत्यु हो गई। शेष 69 में से 42 को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। जबकि 1 मरीज की हालत गंभीर है और बाकी का इलाज जारी है।
उन्होंने बताया कि 30 घायल मेडिकल छात्र भर्ती किए गए थे, जिनमें से वर्तमान में केवल एक छात्र अस्पताल में भर्ती है।
डॉ. जोशी ने ब्योरा देते हुए बताया कि उदयपुर जिले में - 2, वडोदरा - 16, खेड़ा - 10, अहमदाबाद - 41, मेहसाणा - 5, बोटाद - 1, जोधपुर - 1, अरावली - 2, आनंद - 9, भरूच - 5, सूरत - 4, गांधीनगर - 6, महाराष्ट्र - 2, दीव - 5, जूनागढ़ - 1, अमरेली - 1, गीर-सोमनाथ - 3, महीसागर - 1, भावनगर - 1, लंदन - 2, पाटण - 1, राजकोट - 1, मुंबई - 3 और नडियाद - 1। शव मृतक के परिजनों को सौंपे गए।
डॉ. जोशी ने कहा कि डीएनए सैंपल मिलान की प्रक्रिया अत्यंत संवेदनशील है और इसमें कानूनी पहलू भी जुड़े हैं, इसलिए यह प्रक्रिया अत्यंत गंभीरता और तेजी से पूरी की जा रही है। परिजनों को उनके स्वजनों के शव जल्द से जल्द सौंपने के लिए फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, संबंधित संस्थाएं, स्थानीय प्रशासन, राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग व अन्य एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। जैसे-जैसे परिणाम सामने आते जाएंगे, मिलान की दर बढ़ेगी और प्रक्रिया तेज होगी।
----
हिन्दुस्थान समाचार / Abhishek Barad