एयर मार्शल सुनील काशीनाथ विधाते ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल का दौरा कर कैडेटों को दी प्रेरणा
- Admin Admin
- Jul 21, 2025

देहरादून, 21 जुलाई (हि. स.)। एयर मार्शल सुनील काशीनाथ विधाते, एवीएसएम, वाईएसएम, वीएम ने सोमवार को सैनिक स्कूल घोड़ाखाल का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सफलता के लिए संघर्ष अवश्य करें, लेकिन असफलताओं को स्वीकार कर उनसे सीखने की क्षमता भी विकसित करें।
एयर मार्शल सुनील काशीनाथ विधाते भारतीय वायुसेना में 13 जून 1987 को फाइटर पायलट के रूप में कमीशंड हुए थे। एयर मार्शल विधाते सैनिक स्कूल सतारा के पूर्व छात्र हैं।
स्कूल परिसर में उनके स्वागत के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य ग्रुप कैप्टन विजय सिंह डंगवाल ने उनका स्वागत किया। एयर मार्शल को कैडेटों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर एवं शानदार बैंड प्रदर्शन के साथ सलामी दी गई। एयर मार्शल को प्रधानाचार्य की ओर से विद्यालय के विकास के लिए किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई।
एयर मार्शल ने कैडेटों को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए उत्साह, समर्पण और कठोर परिश्रम के साथ तैयार होने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने अकादमिक कप्तानों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने समस्त कैडेट्स एवं स्टाफ की ओर से एयर मार्शल को एक स्मृति उपहार भेंट किया। एयर मार्शल का यह प्रेरक दौरा निश्चय ही कैडेटों को नई ऊर्जा और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता प्रदान करेगा।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार



