अजमेर को मिली मुंबई और महाराष्ट्र के लिए अलग-अलग रूट की तीन नई साप्ताहिक ट्रेन
- DSS Admin
- May 14, 2026
नई रेल सेवाओं का 16 मई को सांय 5:30 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन से होगा शुभारंभ
अजमेर, 14 मई (हि.स.)। अजमेर संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कामगारों और पर्यटकों की लंबे समय से चली आ रही मांग और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अजमेर रेलवे स्टेशन से 3 नई साप्ताहिक ट्रेनों के संचालन को रेल मंत्रालय ने स्वीकृति दे दी है। अजमेर मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली इन नई रेल सेवाओं से राजस्थान और महाराष्ट्र के बीच आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत और सुविधा मिलेगी।
इन नई रेल सेवाओं का शुभारंभ शनिवार, 16 मई 2026 को सांय 5:30 बजे अजमेर रेलवे स्टेशन से होगा। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी उपस्थित रहेंगे। इस दौरान वे नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे तथा यात्रियों से संवाद भी करेंगे।
जो ट्रेन शुरू हो रही हैं उनमें मुंबई-महाराष्ट्र के लिए मिली तीन नई साप्ताहिक ट्रेनों में ट्रेन संख्या 09621/09622 अजमेर-मुम्बई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को जयपुर, कोटा, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 09625/09626 अजमेर-दौंड साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को जयपुर, कोटा, रतलाम और पूना होकर दौंड तक जाएगी। इसके अतिरिक्त ट्रेन संख्या 09653/09654 अजमेर-मुम्बई साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को चित्तौड़गढ़, रतलाम और सूरत मार्ग से संचालित होगी।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का समस्त अजमेर संसदीय क्षेत्रवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया।
---------------

