वोट चोरी के बहाने मियां मुसलमानों को निशाना बना रही भाजपा: अखिल गोगोई

गुवाहाटी, 6 जनवरी (हि.स.)। राइजर दल के अध्यक्ष एवं शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई ने वोट चोरी के मुद्दे को लेकर भाजपा पर मियां मुसलमानों के खिलाफ तुष्टिकरण और विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।

अखिल गोगोई ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने सरकार को 60 विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों से वैध मतदाताओं के नाम हटाने की सलाह दी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मतदाता सूची से नाम काटने की जिम्मेदारी राज्य के मंत्री अशोक सिंघल को सौंपी गई है।

राइजर दल अध्यक्ष के अनुसार, इस प्रक्रिया से सबसे अधिक नुकसान मुस्लिम मतदाताओं को होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भविष्य में सरकार इन प्रभावित मुस्लिम मतदाताओं को ‘डी-वोटर’ घोषित करने की साजिश भी रच रही है।

अखिल गोगोई ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए कहा कि प्रशासनिक प्रक्रिया के जरिए एक समुदाय को जानबूझकर हाशिए पर डालने का प्रयास किया जा रहा है।

राइजर दल के एकमात्र विधायक पर राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा विधानसभा चुनावों के मद्देनजर वोट बैंक की राजनीतिक करने का आरोप लगा रही है। वर्तमान में सत्ता पक्ष एवं विपक्षा के बीच राजनीतिक बयानबाजी जोरशोर से जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर