अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' का नया गाना 'ऊंचा लंबा कद' रिलीज कर दिया गया है। यह गाना वर्ष 2007 में आई फिल्म 'वेलकमके लोकप्रिय ट्रैक का रीक्रिएटेड संस्करण है, जिसे नए अंदाज में दर्शकों के सामने पेश किया गया है। फिल्म का टीजर और पहले रिलीज हुए दो गाने पहले ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर चर्चा बटोर चुके हैं, वहीं अब तीसरे गाने ने भी फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है।
नए संस्करण में अक्षय कुमार और दिशा पाटनी की जोड़ी स्क्रीन पर नजर आ रही है। दोनों की केमिस्ट्री और डांस मूव्स को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। गाने को विक्रम मॉन्ट्रोज ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसे आनंद राज और रुबाई ने अपनी आवाज दी है। गीत के बोल मेघा बाली ने लिखे हैं। रंगीन विजुअल्स और मस्तीभरे अंदाज के साथ यह गाना फिल्म की कॉमिक और मनोरंजक दुनिया की झलक पेश करता है।
गाने का एक खास पल तब आता है जब अक्षय कुमार आखिर में वी मिस यू कहते हुए कैटरीना कैफ को याद करते नजर आते हैं, जो मूल गाने में उनके साथ दिखाई दी थीं। इस भावनात्मक संदर्भ ने पुराने 'वेलकम' के प्रशंसकों को भी खासा आकर्षित किया है। अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसमें कई बड़े सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
---------------

