डीएलएड सीईटी-2026 की अस्थायी उत्तर कुंजी जारी, 11 जुलाई तक दर्ज कर सकते हैं आपत्तियां

धर्मशाला, 06 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) की प्रवेश परीक्षा की अस्थायी उत्तर कुंजी सोमवार को जारी कर दी गई है। गौर हो कि बीते 17 जून, 2026 को दो वर्षीय डीएलएड सीईटी प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था। स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि उत्तर कुंजी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर अपलोड कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि उक्त प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी सीरीज ए,बी,सी एवं डी के लिए जारी की गई है। यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में दर्ज किसी उत्तर के संबंध में कोई आपत्ति है, तो वह अपनी आपत्ति प्रमाणित तथ्यों एवं दस्तावेजों सहित11 जुलाई, 2026 तक ई-मेल आईडी hpbosesopapersetting.43@gmail.com पर भेज सकता है। अभ्यर्थी अपनी आपत्तियां कार्य दिवसों में व्यक्तिगत रूप से भी बोर्ड कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।

डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि 11 जुलाई के उपरांत प्राप्त किसी भी मौखिक अथवा लिखित आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। डाक के माध्यम से भेजी गई आपत्तियां भी 11 जुलाई को सायं 5 बजे तक बोर्ड कार्यालय में पहुंच जाना सुनिश्चित करें। बिना प्रमाणित तथ्यों एवं साक्ष्यों के प्राप्त आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी वैध आपत्तियों की समीक्षा संबंधित विषय विशेषज्ञों की समिति द्वारा की जाएगी। समिति की संस्तुतियों के आधार पर अंतिम उत्तर कुंजी तैयार की जाएगी, जिसे परीक्षा परिणाम के साथ बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा। इस संबंध में अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत रूप से अलग से कोई सूचना प्रदान नहीं की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर