नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प, कौशिकी भवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
सुपौल, 17 जून (हि.स.)।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को वीरपुर स्थित जल संसाधन विभाग के कौशिकी भवन सभागार में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से संकल्प लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यालय प्रधान सह बाढ़ नियंत्रण एवं जल निःसरण के मुख्य अभियंता संजीव शैलेश ने की। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता संजय कुमार ने कौशिकी भवन के अंतर्गत कार्यरत सभी कार्यपालक अभियंताओं, अनुमंडल पदाधिकारियों, जूनियर इंजीनियरों तथा कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
अधिकारियों एवं कर्मियों ने शपथ लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सामाजिक परिवर्तन की शुरुआत व्यक्ति स्वयं से करता है और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्त जीवनशैली को अपनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने का भी आह्वान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जनजागरूकता सबसे सशक्त माध्यम है। लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर ही इस सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कौशिकी भवन के अधीन विभिन्न डिवीजनों के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ, जेई सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना था।

