अवैध निर्माण पर सख्त रुख, जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाने का संकेत

मालदा, 27 जून (हि. स.)। जिले में अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया है। इंग्लिश बाजार नगर पालिका क्षेत्र में बिना अनुमति और नियमों के खिलाफ बने निर्माणों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने की योजना है। यह कमेटी नगर क्षेत्र के सभी बहुमंजिली और अन्य भवनों के स्वीकृत नक्शों की जांच करेगी।

इंग्लिश बाजार के विधायक तथा राज्य विधानसभा के चीफ व्हिप अमलान भादुड़ी शनिवार को पदातिक एक्सप्रेस से मालदा टाउन स्टेशन उतरे। जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में यह बात कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में यदि कोई निर्माण अवैध या प्लान के खिलाफ पाया गया, तो कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अवैध हिस्सों को तोड़ने का भी कदम उठाया जा सकता है।

विधायक ने यह भी कहा कि नगर पालिका में भ्रष्टाचार के आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। अगर कोई पार्षद या अन्य व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। साथ ही, शहर के फुटपाथों पर कब्जा कर बैठे अवैध हॉकर्स के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही गई है। हालांकि, छोटे और गरीब हॉकर्स के पुनर्वास को ध्यान में रखते हुए ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।

   

सम्बंधित खबर