बरनाला में नशा मुक्ति केंद्र में लाखों की चोरी:ताले तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने 6.72 लाख की नकदी, दो माबाइल चुराए, डीवीआर भी ले गए
- Neha Gupta
- Jun 03, 2026
बरनाला के कस्बा महल कलां में एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में लाखों रुपये की नकदी और कीमती सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने बीती रात अस्पताल के ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना का पता सुबह तब चला जब अस्पताल का स्टाफ ड्यूटी पर पहुंचा। अस्पताल के मालिक अमरजीत सिंह (निवासी मंडी गोबिंदगढ़) ने बताया कि चोरों ने अस्पताल की छत पर बने कमरे का ताला तोड़ा। इसके बाद वे भीतर दाखिल हुए और स्टोर रूम की अलमारी में रखे 6 लाख 24 हजार 696 रुपये और एक अन्य जगह से 48 हजार 519 रुपये चुरा लिए। चोरों ने दो मोबाइल फोन और पहचान छुपाने के लिए सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ ले गए। छुट्टी पर था गार्ड, चोरों ने उठाया इसका फायदा बताया जा रहा है कि अस्पताल का पुराना सुरक्षाकर्मी पिछले एक हफ्ते से छुट्टी पर था। नए गार्ड की तलाश की जा रही थी, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर महल कलां पुलिस थाना के मुख्य अफसर कुलविंदर सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। अस्पताल की प्रबंधक हरदीप कौर के अनुसार, अस्पताल में मौजूद नशा छुड़ाने वाली दवाइयों को पुलिस ने एहतियात के तौर पर कब्जे में ले लिया है।

