अन्नपूर्णा भंडार की राशि नहीं मिलने पर दासपुर में पंचायत कार्यालय घेराव, महिलाओं का उग्र प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 03 जुलाई (हि. स.)। जिले के दासपुर क्षेत्र अंतर्गत पांचबेड़िया ग्राम पंचायत कार्यालय में शुक्रवार को अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि खातों में जमा नहीं होने से नाराज महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पंचायत कार्यालय का घेराव कर महिलाओं ने जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता महिलाओं का आरोप है कि योजना के तहत मिलने वाली राशि के लिए दो महीने से अधिक समय पहले सभी जरूरी प्रक्रिया और दस्तावेज जमा कर दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक उनके बैंक खातों में अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि नहीं पहुंची। देर होने से नाराज महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा।
आक्रोशित महिलाएं बड़ी संख्या में पांचबेड़िया ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचीं और कार्यालय को घेरकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान काफी देर तक शोर-शराबा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर दासपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रही महिलाओं से बातचीत कर मामला शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
आधिकारियो का कहना है कि योजना की राशि वितरण में हो रही देरी के कारण लाभार्थियों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है।
---------------

