कांग्रेस में देश विरोधी साजिश चल रही है: दिलीप सैकिया 

- पाकिस्तानी उच्चायुक्त से मुलाकात के बाद परमाणु मुद्दे को क्यों उठाया?

- गौरव गोगोई के स्पष्टीकरण से मुख्य आरोपों का जवाब नहीं मिलता: दिलीप सैकिया

गुवाहाटी, 14 फरवरी (हि.स.)। भाजपा सांसद तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा है कि यह कोई नई बात नहीं है कि कांग्रेस के नेताओं ने विभिन्न समय पर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर विवादास्पद रुख अपनाकर देश की जनता के सामने अपना असली चेहरा उजागर किया है। इसलिए इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है। यहां तक कि गौरव गोगोई द्वारा आज मामले को स्पष्ट करने के नाम पर जारी बयान में भी आरोपों की मुख्य सामग्री के बारे में कुछ नहीं कहा गया है। इससे गोगोई की जिम्मेदारी और जनप्रतिनिधि के तौर पर उनकी विश्वसनीयता पर संदेह पैदा हो गया है।

दिलीप सैकिया ने इस मामले पर आज एक बयान में कहा कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा, चाहे वह गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के घोर भारत विरोधी जॉर्ज सोरोस के साथ संबंधों का मामला हो या पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के साथ उनके संबंधों का, चाहे वह परमाणु क्षेत्र जैसे संवेदनशील मुद्दों पर संसद में सवाल उठाने का मामला हो, यह ऐसा कुछ नहीं है जिसे कांग्रेस नेतृत्व या गौरव गोगोई जैसा सोचते हैं, नजरअंदाज किया जा सकता है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा का एक बहुत ही गंभीर और प्रासंगिक प्रश्न है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इन कार्रवाइयों ने कांग्रेस नेता के असली चरित्र को उजागर कर दिया है, जो अक्सर सादगी की आड़ में देश और राज्य के लोगों को धोखा देने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि असम और पूर्वोत्तर के लोग प्रवासी कांग्रेस नेता सैम पेत्रोदा द्वारा पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ की गई नस्लवादी टिप्पणी को नहीं भूले हैं। यही कारण है कि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई की विदेशी पत्नी ने शादी के 12 साल बाद भी भारतीय नागरिकता प्राप्त नहीं की है। इसलिए इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इस बार भी गौरव गोगोई ने सफाई देने के नाम पर मामले को इधर-उधर में भटकाने की कोशिश की है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा की तरह इस बार भी अपना असली स्वरूप उजागर कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर