बैरगाछी पुलिस ने मारुति सुजुकी कार से 238.7 लीटर विदेशी शराब किया जब्त,दो गिरफ्तार

अररिया 30 मई(हि.स.)।

जिले की बैरगाछी थाना पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई में 238.7 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। यह शराब एनएच 327 ई पर बैरगाछी ओवरब्रिज के पास एक मारुति सुजुकी कार से जब्त की गई। इस दौरान समस्तीपुर जिले के दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक खेप बिहार के अंदरूनी इलाकों में सप्लाई के लिए लाई जा रही है।

इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बैरगाछी थाना पुलिस की टीम ने नेशनल हाईवे 327 ई पर बैरगाछी ओवर ब्रिज के निकट नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की।चेकिंग के दौरान एक मारुति सुजुकी कार ओवर ब्रिज के पास पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। कार में छिपाकर रखे गए 238.7 लीटर विदेशी शराब के कार्टन बरामद हुए।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चंदन कुमार पिता मंगल साह और रामकुमार यादव पिता कन्हैया यादव के रूप में हुई है। दोनों समस्तीपुर जिले के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे शराब को पश्चिम बंगाल से लाकर समस्तीपुर सहित अन्य जिलों में बेचने की योजना बना रहे थे।

बैरगाछी थाना पुलिस ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को प्रभावी बनाने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने चेतावनी दी कि ऐसी कोई भी अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले को लेकर बैरगाछी थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

   

सम्बंधित खबर