नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम से मिले प्रधानमंत्री मोदी, द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
- DSS Admin
- May 18, 2026
ओस्लो, 18 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ओस्लो स्थित रॉयल पैलेस में नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नॉर्वे के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने नॉर्वे के लोगों को भारत की जनता की ओर से शुभकामनाएं दीं और देश की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और नॉर्वे के बीच लोकतंत्र, कानून के शासन और जन-केंद्रित शासन व्यवस्था जैसे साझा मूल्यों पर आधारित मित्रता लगातार मजबूत हो रही है।
बैठक में दोनों पक्षों ने नई प्रौद्योगिकी समेत विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय और नॉर्वेजियन कंपनियों द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों पर भी चर्चा की।
राजा हेराल्ड पंचम ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन भी किया। प्रधानमंत्री ने उनके द्वारा दी गई गर्मजोशीपूर्ण मेहमाननवाजी के लिए आभार व्यक्त किया।
-------------

