अररिया 04 जुलाई(हि.स.)।
डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व पर भाजपा जिला इकाई की ओर से शनिवार को जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन कुसियारगांव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने किया,जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष प्रताप नारायण मंडल ने किया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री तारकेश्वर प्रसाद, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, पूर्व विधायक सह प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव यादव तथा अररिया जिला प्रभारी विजय शंकर चौधरी उर्फ खोखा बाबू उपस्थित रहे।
मौके पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व राष्ट्रीय परिषद सदस्य जयरानी यादव, नरपतगंज के पूर्व विधायक जयप्रकाश यादव, फारबिसगंज के पूर्व विधायक विद्यासागर केसरी, फारबिसगंज के पूर्व विधायक लक्ष्मी नारायण मेहता, सिकटी विधायक के प्रतिनिधि जोशी मंडल सहित भाजपा के जिला स्तर के अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्य अतिथि तारकेश्वर प्रसाद ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य कर रहा है।उन्होंने संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर दुनिया का सबसे बड़ी लोकतांत्रिक संगठन है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाने तथा सेवा, संगठन और समर्पण की भावना के साथ जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का आग्रह किया।
पूर्व विधायक सह प्रदेश उपाध्यक्ष प्रणव यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने तथा समाज के हर वर्ग के बीच पार्टी की नीतियों और विचारधारा का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।
सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति है।
जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया

