मनरेगा योजनाओं की समीक्षा में मानव दिवस सृजन और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
- DSS Admin
- May 11, 2026
अररिया 11 मई(हि.स.)। डीडीसी रोजी कुमारी की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभाकक्ष में जिले के अररिया, फारबिसगंज, रानीगंज एवं जोकीहाट प्रखंडों के मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी, कनीय अभियंता तथा पंचायत रोजगार सेवकों के साथ मनरेगा योजना की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में डीडीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण तथा अन्य विकास योजनाओं में अधिक से अधिक मानव दिवस का सृजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जरूरतमंद ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध हो सके और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि मनरेगा अंतर्गत संचालित योजनाओं में ई-केवाईसी की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। साथ ही, सभी अपूर्ण एवं लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीआरडीए निर्देश, निदेशक एनईपी, डीपीओ मनरेगा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

